Skip to Content

Gang of Transformer Thieves Busted in Mainpuri, Two Arrested

मैनपुरी में ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गैंग का पर्दाफाश, दो गिरफ्तार
23 August 2026 by
thenewsagency


मैनपुरी, अगस्त 23 (TNA) बिजली ट्रांसफार्मर चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एलाऊ पुलिस और स्वाट टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने ट्रांसफार्मर चोरी करने वाले गिरोह के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए ट्रांसफार्मर का तेल, कॉइल व अन्य उपकरणों के साथ दो वाहन, नकदी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 21 अगस्त की रात करीब 9:35 बजे तारापुर-भीमगांव रोड पर दिलावर गांव की पुलिया के पास मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी की गई। इस दौरान फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के सकरुल्लापुर निवासी 22 वर्षीय सौरभ मिश्रा और 38 वर्षीय अजीत को गिरफ्तार किया गया।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से चार सफेद बोरियों में करीब 50 लीटर ट्रांसफार्मर का तेल, एक क्षतिग्रस्त 25 केवीए ट्रांसफार्मर, एक बड़ा तथा दो छोटे ट्रांसफार्मर कॉइल बरामद हुए। इसके अलावा दो रिंच, दो पेचकस, एक प्लास, दो एमआरएन कार बैटरियां, 10 हजार रुपये नकद और चोरी का माल ढोने में इस्तेमाल किया जा रहा एक ईको वैन व एक पिकअप भी जब्त की गई।

तलाशी में आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक अवैध चाकू भी बरामद हुए। इस संबंध में एलाऊ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। 

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर अलग-अलग स्थानों से ट्रांसफार्मर चोरी करने और चोरी का माल कबाड़ियों को बेचने की बात स्वीकार की है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ एलाऊ, बेवर, बिछवां और विद्युत चोरी निरोधक थाने समेत कई थानों में मुकदमे दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और गिरोह के फरार अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के आधार पर जल्द ही गिरोह से जुड़े अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा।

-- मनीष मिश्रा


Share this post
Tags 


Archive