विश्व ब्रेल दिवस पर विशेष: आगरा मेट्रो दिव्यांग जनों के लिए सबसे सुरक्षित यात्रा का साधन!
आगरा, जनवरी (TNA) आगरा मेट्रो रेल सेवा शहर में सभी के लिए, खासकर दिव्यांग जनों के लिए एक बेहद सुरक्षित एवं सुविधाजनक यात्रा के साधन के रूप में सामने आई है। परियोजना की शुरुआत से ही स्टेशन डिज़ाइन एवं ट्रेन के अंदर सुविधाओं में दिव्यांग जनों का विशेष ध्यान रखा जाता है। जैसे टिकट काउंटर की हाइट कम रखी जाती है, ताकि व्हीलचेयर पर दिव्यांग जन आसानी से टिकट ले सकें। स्टेशन पर काँच एवं जाली का अधिकतर प्रयोग किया जाता है, जिसके चलते हर कोने से पारदर्शिता बनी रहे एवं किसी प्रकार की असुविधा तुरंत सामने आए।
इसी तरह से स्टेशन पर एंट्री पॉइंट से प्लेटफार्म तक लिफ्ट की सुविधा है, जिसमे एक अटेंडेंट एवं एक व्हीलचेयर आसानी से आ सके और दिव्यांग जनों को सफर में कोई समस्या ना हो। दृष्टि बाधित जनों के लिए स्टेशन की शुरुआत से ही टैक्टाइल पाथ की व्यवस्था है, जो ऊपर प्लेटफार्म तक जाती है। यही नहीं, ट्रेन के अंदर भी ब्रेल लिपि में निर्देश लिखे गए हैं, जोकि दृष्टि बाधित लोगों की सहायता के लिए है। ट्रेन के अंदर रेगुलर अनाउंसमेंट (हिंदी एवं अंग्रेज़ी भाषा में) भी होता है, जिससे दृष्टि बाधित जनों को ट्रेन की दिशा एवं स्टेशन की जानकारी मिलती रहे।
इसके अलावा आगरा मेट्रो के स्टेशन कंट्रोलर, सिक्योरिटी स्टाफ एवं हाउसकीपिंग स्टाफ दृष्टि बाधित जनों की मदद के लिए हर कदम पर प्रतिबद्ध हैं। मेट्रो एकमात्र ऐसा साधन है जिसमे दिव्यांग जन की सुविधा के लिए विशेष प्रायोजन किए गए हैं। साथ ही दिव्यांग जनों के लिए हेल्पलाइन नंबर भी दिया गया है। दृष्टि बाधित जनों का सम्मान और उनकी सुविधा का ध्यान आगरा मेट्रो का प्रथम उद्देश्य!
