लखनऊ, अगस्त 25 (TNA) इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा लखनऊ द्वारा 50 गोद लिए गए टीबी मरीजों के स्वास्थ्य एवं पोषण को बेहतर बनाने के उद्देश्य से आज 30 मरीजो को पुष्टाहार पोटली का वितरण किया गया। कार्यक्रम में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी शाखा लखनऊ के सचिव अमरनाथ मिश्र, कोषाध्यक्ष नवीन गुप्ता, गुरप्रीत सिंह शेट्टी, बलरामपुर अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. बी.के.एस. चौहान तथा एचओडी डॉ. ए.के. गुप्ता की उपस्थिति में टीबी मरीजों को पुष्टाहार पोटली प्रदान की गई।
इस अवसर पर सचिव अमरनाथ मिश्र ने कहा कि टीबी के उपचार के साथ मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना भी बेहद आवश्यक है। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा गोद लिए गए टीबी मरीजों को नियमित रूप से पुष्टाहार उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि मरीजों को उपचार के दौरान आवश्यक पोषण मिल सके और वे शीघ्र स्वस्थ होकर सामान्य जीवन में लौट सकें।
बलरामपुर अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. बी.के.एस. चौहान ने कहा कि टीबी एक गंभीर बीमारी है, लेकिन नियमित दवा, चिकित्सकीय देखरेख और पौष्टिक आहार के माध्यम से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं। उन्होंने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी द्वारा टीबी मरीजों की सहायता के लिए किए जा रहे कार्यों की सराहना की। कार्यक्रम में विपिन कुमार, राजकमल, प्रशांत बाजपेई एवं दयाशंकर वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।